कुशीनगर जिले में मेला देखने जा रही महिलाओं को हाटा कोतवाली क्षेत्र के झांगा बाजार के समीप गुरुवार की रात पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक ने रौंद दिया। इससे एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि चार युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं एक बच्चा भी मैजिक की चपेट में आ गया। आसपास के लोग सभी घायलों को हाटा सीएचसी ले गए, जहां गंभीर घायल युतियों को डॉक्टर ने गोरखपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव के एक ही परिवार के सभी लोग रात के करीब नौ बजे झांगा मेला देखने जा रहे थे। नवरात्र के मौके पर परिवार के सभी लोग हंसी-मजाक करते हुए चल रहे थे। अभी झांगा बाजाक के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार मैजिक अचानक बेकाबू हो गई, और सभी लोगों को रौंदते हुए निकल गई।
इस घटना में रीना (16) की मौत हो गई, जबकि सीमा, अंजू, सुष्मिता व एक अन्य सीमा नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक बच्चा भी मैजिक की चपेट में आने से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी व चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की सहायता से सभी को अस्पताल भिजवाया। वही रीना के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।