महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के एक घर से चरस बेचने की सूचना मिली। ऐसे में एसएसबी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। यहां से 10 किलो 370 ग्राम चरस बरामद हुआ। इसकी अंतराराष्ट्रीय बाजार में कीमत चार करोड़ 16 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी युवती के खिलाफ केस दर्ज कर न्यायालय ने चालान कर दिया है।
ठूठीबारी एसएसबी के एसआई आशीष शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा किसुनपुर के टोला सोबड़ा में एक घर नेपाल से चरस लाकर उसकी बिक्री करता है। ऐसे में एसएसबी व ठूठीबारी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम छापा डाला।
वहां घर से एक प्लास्टिक के बोरे में रखा हुआ 10 किलो 370 ग्राम चरस के साथ आरोपी पूजा भारती (20) को गिरफ्तार किया गया। ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि आरोपी पूजा भारती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय से चालान कर दिया गया है।