शहर के कई मोहल्लों की सड़कें व नालियां बदहाल
शहर के कई मोहल्लों में अब भी सड़क व नालियां बदहाल हैं। हालांकि, जीडीए अध्यक्ष/कमिश्नर रवि कुमार एनजी एवं उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह की पहल पर जीडीए की ओर से पिछले एक साल में बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण कराया गया। नगर निगम में शामिल 32 नए गांवों में सड़क व नाली के निर्माण का जिम्मा भी जीडीए को दिया गया है।
इसके लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बजट की व्यवस्था की गई है। अब नई पहल के तहत, नागरिकों की ओर से जिन कार्यों का प्रस्ताव दिया जाएगा, उनके लिए भी विभिन्न मदों से बजट की व्यवस्था की जाएगी।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि अवस्थापना निधि से करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से शहर की कई सड़कों व नालियों का निर्माण कराया गया है। अब ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए तय किया गया है कि आम नागरिकों से उनकी कॉलोनी की सड़क व नालियों का प्रस्ताव आमंत्रित किया जाए। उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों के आधार पर सर्वे कराया जाएगा और फिर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। आवागमन के साथ ही जलभराव को लेकर आमजन को कोई परेशानी न हो, इसे लेकर प्राधिकरण कटिबद्ध है।