गोरखपुर में एयरफोर्स स्टेशन के आसपास नो कंस्ट्रक्शन जोन का दायरा 900 से घटाकर 100 मीटर करने के बाद अब गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) वहां रहने वालों को मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए अपील कर रहा है। लोगों की सुविधा के लिए प्राधिकरण की तरफ से चार सितंबर यानी शनिवार को नीना थापा आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से शिविर लगाया जाएगा। इसमें घर का मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए आवेदन दिए जा सकेंगे।
गुरुवार को एयरफोर्स स्टेशन के आसपास की कॉलोनियों में जीडीए ने मुनादी कराकर लोगों को कैंप की जानकारी देने के साथ ही मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए भी अपील किया।
कैंप में एयरफोर्स स्टेशन के आसपास पहले निर्माण कराए गए घरों का भी शमन शुल्क जमा कर मानचित्र स्वीकृत कराया जा सकेगा। इसी तरह जिनके निर्माण कार्य चल रहे हैं वह भी मानचित्र स्वीकृत करा सकते हैं। कैंप में लोगों को आवेदन करने की जानकारी देने के साथ ही आवेदनपत्र लिए जाएंगे। साथ ही लोगों को मानचित्र स्वीकृत कराकर अनाधिकृत निर्माण से छुटकारा पाने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा।
शिविर में जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह भी मौजूद रहेंगे। गुरुवार को अधीक्षण अभियंता आरएस दिवाकर के नेतृत्व में जीडीए की टीम सिंघड़िया टुकड़ा नंबर एक एवं दो, महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर दो, दरगाहिया ,सैनिक कुंज ,नंदा नगर, सैनिक विहार में पहुंची तथा मुनादी कराकर लोगों से मानचित्र पास करवाने की अपील की। टीम में अवर अभियंता सत्य प्रकाश चौधरी, रामेश्वर दुबे, रमापति वर्मा, यशवंत सिंह आदि शामिल रहे।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि एयरफोर्स स्टेशन की चहारदीवारी से 100 मीटर के बाहर निर्माण करा चुके या निर्माण की तैयारी करने वाले लोगों का प्राथमिकता के आधार पर मानचित्र पास किया जाएगा। लोगों की सहूलियत के लिए ही चार सितंबर को नीना थापा आईटीआई परिसर में शिविर लगाया जा रहा है। लोगों से अपील है कि इस कैंप में आकर मानचित्र के लिए आवेदन करें ताकि उन्हें अनाधिकृत निर्माण से छुटकारा मिल सके।