जीडीए टॉवर का निरीक्षण करते उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला।
फ्लॉप घोषित हो चुके गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के गोलघर स्थित जीडीए के टॉवर की जल्द ही सूरत बदल जाएगी। वहां की सारी कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने की तैयारी है। टॉवर के सफाई की कमान प्राइवेट एजेंसी को दी जाएगी तो वहीं टॉवर के पार्किंग स्थल को दुरुस्त किया जाएगा। नई लिफ्ट लगाई जाएगी। टॉवर के प्रवेश द्वार को मॉल की तरह विकसित किया जाएगा। इस संबंध में जीडीए वीसी प्रेम रंजन सिंह ने अभियंताओं की टीम के साथ जीडीए टॉवर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सभी खामियों को खुद देखा और उसे दुरुस्त करने को लेकर अभियंताओं के साथ मंथन भी किया। मौके पर ही टॉवर की सूरत बदलने को लेकर कार्ययोजना बनी जिसे इसी सप्ताह बैठक कर अंतिम रूप दिया जाएगा। बता दें कि करीब दशक से जीडीए टॉवर की तीसरे से लेकर के 6वें फ्लोर तक के ऑफिस ब्लॉक, दुकानें और फूड कोर्ट की जगह आवंटित नहीं हो पा रहे। जीडीए ने इन संपत्तियों के दाम भी कम किए लेकिन फिर भी किसी ने रुचि नहीं ली। सिर्फ ग्राउंड फ्लोर पर ही पूरी तरह रौनक है। वहां भी ज्यादातर दुकानें खाने- पीने की होने की वजह से चल रही हैं।
अव्यवस्था को लेकर जीडीए के इस टॉवर की छवि शहर में बहुत खराब है। चारों तरफ गंदगी के साथ ही पार्किंग में गर्मी के मौसम में भी पानी भरा रहने की वजह से उसका इस्तेमाल नहीं हो पाता जिससे गाड़ियों को पार्क करने में काफी दिक्कत होती है। पर्याप्त लिफ्ट नहीं होने की वजह से भी ऊपर के फ्लोर पर दुकान, ऑफिस के ब्लॉक आवंटित कराने से लोग कतराते हैं। मगर अब जीडीए वीसी प्रेम रंजन सिंह का कहना है कि जल्द ही टॉवर की सूरत बदल जाएगी। सभी कमियों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। प्राइवेट एजेंसी को सफाई की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। नई लिफ्ट लगाई जाएगी। पार्किंग सही कराई जाएगी और टॉवर के प्रवेश द्वार को मॉल के प्रवेश द्वार जैसा बनाया जाएगा।