गोरखपुर जिले के गुलरिया थाना क्षेत्र के हाफिज नगर गांव के बाहर तालाब में मंगलवार की सुबह एक युवक की शव मिला। शव की पहचान उसी गांव के कवलेश (25) पुत्र रामसुधारे निषाद के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक गुलरिया विनोद कुमार अग्निहोत्री मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी लेने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे ग्रामीणों द्वारा ग्राम प्रधान जुल्फिकार अली को दयानंद यादव के तालाब में शव मिलने की सूचना दी गई। ग्राम प्रधान ने पुलिस को जानकारी दिया । मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान गांव के ही कवलेश के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि युवक गुलहरिया बाजार में कपड़े की दुकान चलाता था। पिता रामसुधारे निषाद ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से वह घर से नाराज होकर चला गया था। तब से शाम को भी घर नहीं आ रहा था। रविवार को उसे गांव के बाहर सामुदायिक शौचालय के पास देखा गया था। पिता के अनुसार कुछ सालों से गलत सोहबत के कारण दुकान की पूंजी खत्म हो गई थी। व्यापारी कर्ज मांगने घर तक पहुंच रहे थे। इसी को लेकर कहासुनी के बाद वह घर छोड़ दिया था।
मृतक के चाचा धर्मचंद निषाद ने बताया कि मृतक के गले व सीने पर चोट के निशान हैं। नाक व मुंह से खून भी निकला हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को तालाब में ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया है। मृतक के पॉकेट से मोबाइल, आधार कार्ड व अन्य कागजात पाए गए हैं। पुलिस मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता की दो शादियां बताई जा रही हैं। जिनमें मृतक दूसरी पत्नी का लड़का था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।