प्रधान डाकघर में बृहस्पतिवार दोपहर सुकन्या योजना का बकाया किस्त जमा करने गई नीलम सिंह से मदद के नाम पर जालसाज 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पिता डाकघर से रिटायर्ड थे, इस वजह से नीलम को लगा कि वह पिता का परिचित है और मदद कर रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है। आरोपी पर केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तारामंडल के गौतम विहार कॉलोनी निवासी नीलम सिंह के पति धीरेंद्र सिंह देवरिया के रुद्रपुर में ईंट भट्ठा चलाते हैं। नीलम के पिता वर्ष 2005 में मुख्य डाकघर से डिप्टी पोस्टमास्टर के पद से सेवानिवृत हुए हैं। नीलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दिन में 12:30 बजे गोलघर मुख्य डाकघर में नौ महीने से बाकी सुकन्या का किस्त जमा करने गई थीं।
जैसे ही वह अंदर पहुंचीं मुंह पर मफलर बांधे एक युवक उनके पास पहुंचा। बोला की फार्म ले ली हैं, लाओ भरकर जमा कर दे रहें हैं। तब तक बाहर से फोटो कॉपी कराकर लाए। परिचित समझकर युवक को फार्म और किस्त के रुपये देकर फोटो काॅपी कराने चली गईं। वापस लौटने पर युवक अंदर से गायब था।