'हैलो! मैं डूडा कार्यालय से बोल रहा हूं, आकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लें।' कुछ इस तरह से फोन करके जालसाज लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। इस संबंध में समाजवादी पार्टी के पार्षद संजय यादव ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर इस तरह के फर्जीवाड़ा पर रोक लगाने की मांग की है।
दरअसल इन दिनों डूडा कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी पटरी व्यापारियों का कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया है। इस दौरान जिन पटरी व्यवसायियों ने पिछले वर्ष प्रथम चरण में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 10 हजार रुपये का कर्ज लेकर समय से चुका दिया है वैसे पटरी व्यवसायियों को वैक्सीनेशन के साथ 20 हजार का कर्ज दिया जा रहा है।
इसी कैंप के आसपास कुछ जालसाज पटरी व्यवसायियों से आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी भी करने लगे हैं। जगन्नाथपुर निवासी आलोक शर्मा से भी आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर जालसाज ठगी कर ली है। आलोक शर्मा ने बताया कि नगर निगम गेस्ट हाउस के बाहर परिसर में कुर्सी लगाकर बैठे एक शख्स ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन करने के नाम पर पूरे परिवार का विवरण लिया और कुछ रकम भी ली। बताया कि डाक के जरिए आयुष्मान कार्ड रजिस्टर्ड पते पर पहुंच जाएगा। इस तरह उस व्यक्ति ने कई और लोगों का रजिस्ट्रेशन भी किया है।
डूडा के परियोजना अधिकारी विकास कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह का आयुष्मान कार्ड संबंधी कोई भी कैंप डूडा कार्यालय की ओर से इस बार आयोजित नहीं किया गया है। कोई भी व्यक्ति अगर इस तरह आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए पैसा मांगता है तो तत्काल इसकी शिकायत मुझसे या नगर निगम के अधिकारियों से करें।