कुशीनगर जिले के बरवापट्टी थाना क्षेत्र के रामपुर बरहन गांव के नारायणपुर बिंदटोली के निकट खड़े ट्रक से साइड लेते समय एक ट्रैक्टर की स्टीयरिंग फेल हो गई और वह अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद पानी से भरे गड्ढे में गिर गया।
उसके नीचे दब जाने से ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सेवरही के जानकीनगर मोहल्ले के पूर्व सभासद भी थे। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन शव को घर लेकर चले गए थे, लेकिन दुर्घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को मंगाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सेवरही कस्बा के वार्ड नंबर-दो जानकीनगर निवासी व पूर्व सभासद राधा यादव (65) शनिवार को ट्रैक्टर से अपने पैतृक गांव भुआलपट्टी से सेवरही आ रहे थे। दिन के लगभग साढ़े ग्यारह बजे वह नारायनपुर बिंदटोली के पास पहुंचे ट्रक से साइड लेते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पुलिस से टकराकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया।
वह पानी में ट्रैक्टर के नीचे ही दब गए। उस समय ड्रेन सफाई में जुटे मजदूरों और गांववालों ने ट्रैक्टर पलटते देखा तो दौड़कर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इसकी सूचना मिलते ही राधा यादव के भाई नगीना यादव व उनका पुत्र श्रीराम यादव घटनास्थल पर पहुंचे और शव को लेकर भुआलपट्टी चले गए। इस घटना की सूचना मिलते ही बरवापट्टी थाने के एसओ सुरेशचंद्र राव व एसआई रामनयन यादव पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद मृतक के परिजनों से संपर्क कर शव को मंगाया और अपने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुर्घटना से राधा यादव के घर में कोहराम मच गया। एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।