बस्ती जिले में बृहस्पतिवार को लखनऊ से आए रिपोर्ट में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हो गई है। जिले में ओमिक्रॉन का यह पहला मामला है। संक्रमित किशोर 27 दिसंबर को मुंबई से अपने ननिहाल आया था जो फिलहाल घर में ही होम क्वारंटीन है।
रिपोर्ट आने के बाद मौके पर आरआरटी पहुंच कर निरोधात्मक कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा पांच और कोरोना पॉजिटिव के केस आए हैं। इन सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इन सभी के नमूनों की जांच मेडिकल कॉलेज भेजी गई है, जहां से उसे जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा।
जिले में कोरोना धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। अब तक कुल 28 पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें अधिकांश मुंबई से यहां आए हैं। शहर के एक बीमार बुजुर्ग की मौत भी हो चुकी है, जिसमें कोरोना की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। हालांकि अब भी जांच उस रफ्तार में नहीं हो पा रही है, मगर हर दिन कोरोना के पॉजिटिव केस मिल रहे हैं।
एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि सल्टौआ ब्लाक के एक गांव निवासी किशोर में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। यह किशोर अपने ननिहाल आया था। इस परिवार में किशोर की महिला रिश्तेदार भी कोराना पॉजिटिव पाई गई थी। उसका भी नमूना जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जा चुका है।
बृहस्पतिवार को पहली जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट आई है। लगातार नमूने लिए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन व रोडवेज के अलावा शहर की सीमा पर भी बाहर से आने वालों की जांच की जा रही है।