गोरखपुर में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस ने शनिवार देर रात तिवारीपुर और राजघाट इलाके में अवैध पटाखे के गोदाम पर छापा डाला। इस दौरान पुलिस ने पटाखा कारोबारी इम्तियाज अहमद उर्फ सुल्तान खां और उसके बेटे फरहान उर्फ जयारजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गोदाम से बिक्री के 2,47390 रुपये, भारी मात्रा में पटाखा, एक लैपटाप, एक डेस्कटाप, सीपीयू, माउस आदि बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपित सुल्तान व उसके बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया है। सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव और सीओ कोतवाली वीपी सिंह ने बताया कि तिवारीपुर इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय को सूचना मिली कि राजघाट व तिवारीपुर इलाके में पटाखे का भंडारण किया गया है।
पुलिस ने राजघाट व तिवारीपुर इलाके के एक घर, दुकान तथा गोदाम में छापा डाला। घर व गोदाम सुल्तान के निकले। पुलिस को घर व गोदाम से भारी मात्रा में पटाखा व विस्फोटक मिला। पुलिस ने इसकी कीमत करीब पंद्रह लाख रुपये आंकी है। पटाखों का लाइसेंस कारोबारी नहीं दिखा सके, लिहाजा पुलिस ने सुल्तान और उसके बेटे फरहान को गिरफ्तार कर लिया।