देवरिया जिले के गौरीबीजार उपनगर स्थित अपनी बेटी के घर आए पिता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज जनपद के ग्राम पकड़ी चौबे थाना कोठीभार निवासी समउल्लाह (47) पुत्र दिलदार की पुत्री का विवाह उपनगर के वार्ड संख्या 5 निवासी मजीद से हुआ था। शनिवार की रात समउल्लाह गोरखपुर से ट्रेन द्वारा गौरी बाजार पहुंचे। स्टेशन से वह कुछ ही दूर स्थित अपनी पुत्री के घर के लिए निकले।
सुबह कुछ लोगों ने जलकल रोड स्थित वार्ड नंबर 5 मोहल्ले की नाली में किसी व्यक्ति का शव होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर आस-पास के लोग भी जुट गए। मृतक की पुत्री रेहाना ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने ज्यादा शराब पीकर नाली में गिरकर मौत होने की आशंका जताई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।