उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां छावनी थाने के कवलपुर गांव के पास रविवार को ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक वहां से फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और चालक की पहचान करने के प्रयास में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, परशुरामपुर थानाक्षेत्र के मल्हनी निवासी सूरज उर्फ गाजू दिल्ली रहता था। करीब एक सप्ताह पूर्व वह दिल्ली से गांव लौटा था। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा सुमित था। रविवार को बेटे सुमित की तबीयत खराब होने पर सूरज उसे इलाज कराने के लिए बाइक से लेकर विक्रमजोत गया।
इलाज कराने के बाद घर लौटते समय छावनी के कवलपुर के पास अचानक एक ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी को विपरीत दिशा में मोड़ दिया। जिसकी चपेट में बाइक आ गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी सौदागर राय ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है, चालक की तलाश की जा रही है।
परिवार पर आफत
दिल्ली में रहने वाला सूरज अभी एक सप्ताह पूर्व ही गांव लौटा था। दो बेटियों व बेटे सुमित को लेकर पत्नी गांव में रहती थी। बीमार बेटे सुमित को घर से इलाज कराने के लिए निकले सूरज के साथ हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया है। पति और बेटे की मौत की खबर सुन पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही है।