युवती के घरवालों ने पिछले दिनों डीएम कार्यालय पर किया था प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के एकला बाजार स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। इस अस्पताल में पिछले साल एक युवती को गलत इंजेक्शन लगाने के चलते उसके लकवाग्रस्त हो जाने का मामला सामने आया था। सीएमओ कार्यालय ने एक सप्ताह में नोटिस का जवाब मांगा है।
नौसड़ इलाके की एक महिला एकला बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए गई थी। आरोप है कि वहां डॉक्टर के बजाय उसके बेटे ने महिला को कोई गलत इंजेक्शन लगा दिया। इस वजह से महिला की हालत और बिगड़ गई।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले की आरंभिक जांच कराई और प्रथमदृष्टया इसे सामान्य घटना मानते हुए मामले को भुला दिया, लेकिन पीड़िता और उसकी मां ने हार नहीं मानी। इन दोनों महिलाओं ने साक्ष्याें के साथ डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। डीएम कार्यालय से शिकायती पत्र को सीएमओ कार्यालय भेजा गया है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि डॉक्टर और नर्सिंग होम का पंजीकरण सही पाया गया, लेकिन इलाज में क्या लापरवाही हुई, इस पर जानकारी के लिए अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। उनके जवाब के बाद अगली कार्रवाई होगी।