गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के रामनगर कड़जहां फोरलेन पर रविवार की रात 11.15 बजे के करीब पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश गैंगस्टर व हत्यारोपी धर्मदेव यादव पुलिस की गोली से घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी फरार हो गया। धर्मेंद्र खोराबार के पोखरा टोला में दिव्या दुबे की हत्या का आरोपी था और उसकी तलाश में पुलिस टीम काफी दिनों से थी। पुलिस ने आरोपित के पास से डबल बैरल बंदूक और बाइक बरामद किया है। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
देवरिया के गौरीबाजार के गौरीबुजुर्ग गांव निवासी बदमाश धर्मदेव को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार की देर रात करीब 11.15 बजे खोराबार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर बदमाश कड़जहां फोरलेन के रास्ते गुजरने वाले हैं। यह बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर रामनगर कड़जहां चौकी प्रभारी चंदन सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम ने कड़जहां मोड़ पर बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाशों को देख जैसे ही पुलिस ने रूकने का इशारा किया, बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी खुद को बचाते हुए जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह वहीं गिर गया। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहा।