गोरखपुर शहर में चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पीपीपी मोड में चलाई जाएंगी। लखनऊ में इन इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल रन शुरू हो गया है। पूरी तरह से सफल घोषित किए जाने के बाद गोरखपुर में भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। गोरखपुर शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी है।
नगरीय परिवहन प्रणाली के तहत शासन ने गोरखपुर शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की मंजूरी दी है। नगर निगम ने इसके लिए रूट तय कर दिए हैं। वहीं बसों की चार्जिंग के लिए जंगल बहादुर अली, महेसरा में चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू हो चुका है। जंगल बहादुर अली महेसरा में करीब 6246 वर्ग मीटर एरिया में 11.43 करोड़ रुपये की लागत से चार्जिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। इसमें 5.59 करोड़ रुपये बिजली का कनेक्शन भी शामिल है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि लखनऊ में इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल शुरू हो गया है। जल्द ही गोरखपुर में 25 बसों के आने की संभावना है।
कंपनी की ओर से हैं रखे जाएंगे ड्राइवर और कंडक्टर
इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने वाली कंपनियां ही ड्राइवर और कंडक्टर की नियुक्तियां करेंगी। चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि इलेक्ट्रिक बस कंपनी की ओर से ही ड्राइवर और कंडक्टरों की नियुक्ति करेगी। इनकी सैलरी की जिम्मेदारी भी कंपनी की होगी।
बस संचालन के लिए बनेगी एसपीवी
नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि बसों के संचालन के लिए स्पेशल परपस व्हीकल (एसएलवी) का गठन किया जाएगा। साथ ही नगर निगम और कंपनी का एक इस्क्रो (द्गह्यष्ह्म्द्ग2) एकाउंट खोला जाएगा। इसमें एक निर्धारित रकम जमा होगी। वहीं निर्धारित रकम छोड़कर उक्त रकम उस खाते में रखनी होगी। ताकि कंपनी का खर्च चलता रहे। वहीं प्रति किलोमीटर के हिसाब से नगर निगम उक्त कंपनी को पैसा देगी। उसके बाद जो रकम बचेगी वह नगर निगम को लाभ होगा।
नगर निगम ने बसों के लिए तैयार किए हैं दो रूट
मुख्य चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि निर्धारित दो रूटों पर 12-13 बसें सुबह सात से रात के नौ बजे तक चलाई जाएंगी। स्टॉपेज भी तय कर दिए गए हैं। जिस स्टॉपेज पर बस शेल्टर नहीं हैं, वहां बनवाया जाएगा। अगले चरण में बसों की संख्या में इजाफा होगा।
रानीडीहा- काली मंदिर- झुंगिया (रूट-1)
रानीडीहा तिराहा, एमएमएमयूटी, कूड़ाघाट, गुरुंग तिराहा, आरकेबीके, मोहद्दीपुर चौराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, यातायात तिराहा, काली मंदिर, पटेल चौराहा, धर्मशाला फ्लाईओवर, असुरन चौक, एचएन सिंह चौराहा, राप्तीनगर चौराहा, खजांची चौराहा, मुगलहा पेट्रोल पंप, मेडिकल कॉलेज, झुंगिया गेट, झुंगिया चौराहा तक।
नौसड़-धर्मशाला-महेसरा(रूट-2)
नौसड़, खजनी रोड, ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी, महेवा मंडी, रुस्तमपुर, दाउदपुर, पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, यातायात तिराहा, धर्मशाला बाजार चौराहा, तरंग क्रासिंग, गोरखनाथ फ्लाईओवर, गोरखनाथ थाना, गोरखनाथ चिकित्सालय, इंडस्ट्रियल स्टेट रोड, बरगदवा तिराहा, महेसरा डिपो तक।