गोरखपुर में तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर चल रही तैयारियों की थोड़ी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कार्यक्रम का समय नजदीक आने के साथ तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। भटहट के पिपरी में आयुष विश्वविद्यालय की जमीन से पानी निकालने में हो रही देरी पर प्रशासन ने अब ये जिम्मेदारी बाढ़ खंड के अधिकारियों को सौंप दी है।
पहले यह काम ग्राम्य विकास विभाग को दिया गया था। सोमवार को मौके पर पहुंचे बाढ़ खंड दो के अभियंताओं ने पोकलेन मशीन की मदद से आयुष विश्वविद्यालय के 52 एकड़ के स्थल की मेड़बंदी कराते हुए पानी निकालने का काम शुरू कर दिया।
उधर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा के लिए 200 सीसी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। 27 अगस्त तक चारों तरफ कैमरों के लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इन कैमरों की मदद से कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी कार्यक्रम स्थल के हर कोने पर नजर रख सकेंगे।
डीएम विजय किरन आनंद ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी हो गई हैैं। कहीं कोई चूक न रह जाए इसके लिए सभी अधिकारियों की ड्यूटी बांट दी गई है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 को गोरखपुर आएंगे। वह यहां आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यहां से निकलने के बाद वे मानीराम के सोनबरसा में गुरु गोरखनाथ विश्ववविद्यालय का लोकार्पण करेंगे। राष्ट्रपति, गोरखनाथ मंदिर भी जा सकते हैं।