नाली का निरीक्षण करते नगर आयुक्त अविनाश सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर के नालों की सफाई की हकीकत ड्रोन कैमरे से जांची जाएगी। शासन ने शहर के नाले-नालियों की सफाई की स्थिति का सर्वे कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। नगर निगम की ओर से नालों की सफाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी शुरू कर दी गई है। 30 जून तक नगर निगम की ओर से रिपोर्ट शासन को दी जाएगी।
तकरीबन चार महीने पहले फरवरी से शहर के नाले-नालियों की सफाई शुरू की गई थी। नगर निगम के दावों के अनुसार, नालों की सफाई का एक से दो चक्र पूरा हो जाने के बाद एक बार फिर से सफाई की जा रही है। अब शासन ने नगर निगम के दावों की जांच के लिए ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का निर्णय लिया है।
शहर के सभी 270 छोटे, बड़े और मझौले नाले नालियों की सफाई की स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने के क्रम में नगर निगम ने गोरखनाथ मंदिर रोड के नालों की सफाई की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई है। लेकिन, शहर के कई इलाकों में नालों की सफाई की स्थित खराब है। जगह-जगह नाले चोक हैं। ऐसे में समय रहते सभी नाले-नालियों की सफाई पर सवालिया निशान है।
नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर रोड पर नाला सफाई का निरीक्षण किया। अपनी उपस्थिति में दो छोटी पोकलेन मशीन व जेसीबी लगवाकर सफाई का कार्य कराया। सफाई कार्य की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी ड्रोन के माध्यम से कराई गई।