गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के कौड़ीराम कस्बे में कान का इलाज कराने आई एक महिला ने डॉक्टर पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए, जमकर हंगामा किया। शोर सुनकर मौके पर जुटी भीड़ ने डॉक्टर की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। महिला से अश्लील हरकत करने के एक अन्य मामले में डॉक्टर जेल जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर गगहा क्षेत्र की एक महिला, अपनी बड़ी बहन के साथ इलाज कराने ईएनटी डॉक्टर गणेश गौड़ के क्लीनिक पर गई थी। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे अकेले चेंबर में बुलाया और रोग की बजाए अश्लील बातें करने लगे। डॉक्टर ने गलत नियत से उससे अश्लील हरकत की। डॉक्टर की हरकत से हैरान महिला रोते-बिलखते चेंबर से बाहर आई। उसने जोर-जोर से डॉक्टर की करतूत के बारे में वहां मौजूद लोगों को बताया।
महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और आरोपी डॉक्टर को चेंबर से बाहर निकाल कर पिटाई करने लगे। आरोपी डॉक्टर ने भागकर किसी तरह भीड़ से जान बचाई। आक्रोशित लोगों ने डॉक्टर को फिर पकड़कर कौड़ीराम चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर पहले भी जा चुका है जेल
आरोपी डॉक्टर करीब 11 महीने पहले 17 अक्तूबर को एक अन्य महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए पकड़ा गया था। उस समय भी मौके पर जुटे लोगों ने पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी डॉक्टर को जेल भेजा था।
आरोपी डॉक्टर डॉ. गणेश गौड ने बताया कि आरोप गलत है। महिला कान की जांच कराने के लिए आई थी। जैसे ही मैंने बताया कि उसके कान का पर्दा फट गया है। वह चक्कर खाकर गिर गई। होश में आते ही हंगामा करने लगी।