खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को होटल बाॅबीना सहित कई जगहों पर जांच की। होटल बॉबीना में गंदगी सहित अन्य गड़बड़ी मिलने पर टीम ने नोटिस जारी किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से टीम ने जांच के लिए नमूना लिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त द्वितीय कुमार गुंजन की अगुवाई में टीम होटल बॉबीना पहुंची। होटल में गंदगी मिली। इस दौरान कीड़ा लगा हुआ 10 किलो काजू, 50 किलो खराब चीनी और एक्सपायर हो चुके स्वीट कॉर्न को टीम ने नष्ट कराया। इसके अलावा होटल के किचन में एक साथ वेज और नॉनवेज रखा पाया गया। इस पर टीम ने नोटिस जारी करते हुए सुधार के निर्देश दिए।
इसके अलावा टीम ने होटल बाॅबीना से काजू साबूत, पनीर और चावल का नमूना लिया। इसके अलावा टीम ने हुमायूंपुर दक्षिणी स्थित उज्ज्वल इंटरप्राइजेज की जांच की। यहां से चिकन मसाला, धनिया पाउडर, सब्जी मसाला, कैच और केवल ब्रांड की पिसी हुई हल्दी, कैच ब्रांड का ही साबूत जीरा और लाल मिर्च पाउडर का नमूना लिया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुचित प्रसाद, विनोद कुमार राय, अंकुर मिश्रा, उमाशंकर सिंह, विजयानंद सिंह और आशुतोष कुमार मौजूद रहे।
जांच के दौरान होटल बॉबीना में गंदगी मिली। काजू और चीनी सहित अन्य सामग्री की जांच की गई। गड़बड़ी पाए जाने पर नोटिस दिया गया है। कैच ब्रांड के मिर्च पाउडर में मिलावट की पुष्टि होने की वजह से इसका नमूना लिया गया है।
- कुमार गुंजन, सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय