देवी के दर्शन करने के लिए सोमवार की रात में आठ बजे के बाद शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं का रेला लग गया। हर तरफ भीड़ ही भीड़ नजर आई। बाइक सवार तो किसी तरह निकल गए लेकिन चारपहिया वाहनों से गए लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। भीड़ के आगे यातायात पुलिस भी बेबस दिखी। जहां भी गाड़ियां ज्यादा दिखीं, वहां क्यूआरटी ने पहुंचकर वाहनों को आगे बढ़ाया।
रात आठ बजे तक सड़क पर श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा नहीं थी, लेकिन इसके बाद लोग परिवार के साथ घरों से निकले तो भीड़ बढ़ती गई। मोहद्दीपुर रोड पर सड़क किनारे ही दुर्गा पंडाल बनाए गए हैं। रात में यहां पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। कुनराघाट चौराहे पर भी जबरदस्त भीड़ थी। वाहनों से गए लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।
इसे भी पढ़ें: देवी पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब...मां के दरबार में लगे जयकारे
वहीं, सड़क के किनारे लगी खानपान, खिलौने की दुकानें के चलते भी जाम लगता रहा। नंदानगर में रात नौ बजे के बाद जाम लंबा हो गया, फंसे वाहनों को पुलिस वालों ने निकाला। दुर्गाबाड़ी के पास गंगेज चौक पर भी जाम लगा रहा, यहां पर श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ थी। घंटाघर, कालीबाड़ी रोड पर भी जाम लगा रहा।
यहां वाहनों को पहले ही पुलिस ने रुकवा दिया था, ताकि जाम में लोगों को परेशान न होना पड़े। वाहनों को खड़ा कर लोग पैदल ही दर्शन करने पहुंचे और फिर वाहनों से घर लौटे। बेतियाहाता चौक पर ही मूर्ति स्थापित होने की वजह से यहां पर भी जाम से लोगों को रूबरू होना पड़ा। इसी प्रकार आजाद चौक पर भी रात में जाम जैसी स्थिति बनी रही।