गोरखपुर में बारिश के बाद हुए जलभराव ने स्वास्थ्य विभाग की मुसीबत बढ़ा दी है। विभाग जलभराव वाले इलाके में डेंगू के मरीज फिर से ढूंढेगा। साथ ही दवा का छिड़काव भी किया जाएगा। यह फैसला विभाग ने जिले में डेंगू के बढ़ते मरीजों की वजह से लिया है। विभाग के मुताबिक अब तक जिले में डेंगू के चार मरीज मिल चुके हैं। डॉक्टरों का मानना है कि जलभराव वाले इलाकों में पानी घटेगा तो कई संक्रामक बीमारियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में पहले से ही इस पर नजर रखनी होगी, वरना स्थिति खराब हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, अब तक विभाग शहरी क्षेत्रों में कुल 12724 पात्रों की जांच कर चुका है। यह ऐसे लोग थे, जिनके घरों और उसके आसपास पानी जमा था। इस दौरान विभाग ने शहरी क्षेत्र में रहने वाले 27 लोगों को नोटिस भी दिया गया। इन सबके बीच डेंगू के दो और नए केस मिल गए हैं। इसके बाद कुल मरीजों की संख्या चार हो गई है। इसे देखते विभाग ने जलभराव वाले क्षेत्रों में डेंगू जांच का फैसला लिया है।
बता दें कि अब तक जिला अस्पताल में 700 से अधिक लोगों की जांच की गई। इसमें जिले के कुल चार मरीज मिले हैं। इनमें दो ठीक हो चुके हैं। जबकि दो का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि जलभराव वाले इलाके में डेंगू मरीज ढूंढने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा और एएनएम को भी लगाया गया है। ऐसे जगहों पर दवा छिड़काव के लिए भी कहा गया है।
निजी पैथालॉजी भेज रहे जांच के लिए सैंपल
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय के निर्देश के बाद निजी पैथालॉजी एलाइजा जांच के लिए सैंपल जिला अस्पताल में भेजना शुरू कर दिए हैं। प्रतिदिन करीब 50 से 60 सैंपलों की जांच जिला अस्पताल में की जा रही है।