गोरखपुर जोन के 15.50 लाख बकाएदार उपभोक्ताओं को बिजली निगम दीपावली में एक मुश्त समाधान योजना का तोहफा दे रहा है। 30 सितंबर तक के सभी बकाएदारों को योजना के तहत ब्याज पर कुल 830 करोड़ रुपये की छूट दी जाएगी। बकाएदारों में शहरी व ग्रामीण आवासीय उपभोक्ताओं के अलावा लगभग चार हजार किसान भी हैं। इनके निजी नलकूपों पर भी अलग-अलग श्रेणी में 100 प्रतिशत और 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इनके कुल 9.83 करोड़ रुपये के बकाए में 2.33 करोड़ रुपये ब्याज की छूट मिलेगी।
दो दिन पहले ही एक मुश्त समाधान योजना लांच की गई है। योजना 30 नवंबर तक लागू रहेगी। सिर्फ 30 सितंबर तक के बकाए पर दर्ज ब्याज की रकम में छूट मिलेगी। वेबसाइट www.upenergy.in पर कनेक्शन आईडी के माध्यम से उपभोक्ता छूट की रकम व बकाया राशि को जान सकते है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों गोरखपुर में अधिकारियों के साथ बैठक में ही उपभोक्ताओं के हित में इस योजना को लागू करने के लिए निर्देश दिए थे। उनका मानना है कि दो वर्ष बाद प्रदेश की जनता कोरोना से बाहर निकलते हुए दीपावली त्योहार को आनंद से मनाए।
इसके तहत एलएमवी-वन श्रेणी के दो किलोवाट लोड वाले बकाएदारों को बिजली बकाए में लगे सरचार्ज (ब्याज) में 100 फीसदी छूट, इसी श्रेणी में दो किलोवाट से अधिक लोड के बकाएदारों को सरचार्ज की रकम में 50 फीसदी छूट दी जानी है। एलएमवी-2 श्रेणी के दो किलोवाट लोड के बकाएदारों को सरचार्ज में 100 फीसदी छूट और दो किलोवाट से अधिक लोड वाले बकाएदारों बकाया राशि में लगे सरचार्ज की रकम में 50 फीसदी छूट देने के निर्देश दिया। इसके अलावा एलएमवी-5 श्रेणी निजी नलकूप के बकाया राशि के सरचार्ज में 100 फीसदी छूट मिलेगी।