गोरखपुर जिले के बांसगांव इलाके के धस्का निवासी सुरेश यादव (43) की लाश गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी में मिली। वह रविवार सुबह से गायब थे। सोमवार को छोटे भाई वीरेंद्र यादव ने बांसगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जानकारी के मुताबिक, सुरेश यादव रविवार सुबह साइकिल से कहीं जा रहे थे। गगहा थाना क्षेत्र के चवरियां के पास बाइक की चपेट में आने से घायल हो गए। बांसगांव क्षेत्र के चाड़ी निवासी रोहित ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह सुरेश की मौत हो गई।
भाई वीरेंद्र को किसी व्यक्ति ने बताया कि रविवार को चवरियां में एक व्यक्ति बाइक की चपेट में आने से घायल हो गया था। उनकी साइकिल घटना स्थल के पास रखी गई है। वीरेंद्र साइकिल से पहचान कर बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे।
यहां पता चला कि सुरेश की सुबह मौत हो गई है और शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। वीरेंद्र यादव की तहरीर पर गगहा पुलिस ने लापरवाही पूर्वक बाइक चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।