मार्च 2026 तक पूरी होगी यह विशेष रेल परियोजना
सहजनवां-दोहरीघाट नई रेल लाइन योजना को इस वर्ष रेल मंत्रालय ने विशेष रेल परियोजना में शामिल किया है। यह प्रोजेक्ट तीन चरणों में पूरा कराया जाएगा। पहले चरण में 2024 तक सहजनवा से बेदौली तक 27 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने का लक्ष्य तैयार किया गया है। दूसरे फेज में मार्च 2025 तक बेदौली से गोला बाजार तक 29 किलोमीटर रेल लाइन बिछाई जाएगी।
तीसरे और अंतिम चरण में मार्च 2026 तक गोला बाजार से न्यू दोहरीघाट तक 25.5 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने की योजना बनाई गई है। 17 दिसंबर 2019 की कैबिनेट मीटिंग नई रेल लाइन को मंजूरी देते हुए 1320 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया गया था।
इसे भी पढ़ें: रेलवे में रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार चीफ ओएस निलंबित, 66 कर्मचारियों का तबादला
नई रेल लाइन बिछाने से गोरखपुर से वाराणसी के बीच की दूरी कम हो जाएगी। गोरखपुर से दोहरीघाट होते हुए वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ के लिए ट्रेन चलनी शुरू हो जाएगी। दोहरीघाट से इंदारा होते हुए मऊ और वाराणसी रेल मार्ग से सीधे जुड़ जाएंगे।
इस रेल लाइन से चमकेगी धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र की किस्मत
धुरियापार के औद्योगिक क्षेत्र की किस्मत इस रेल लाइन से चमकेगी। क्योंकि अदाणी समूह समेत सात कंपनियां यहां सीमेंट फैक्टरी लगाने की इच्छुक हैं। लेकिन, वे पहले इस औद्योगिक एरिया के रेल लाइन से जुड़ने का इंतजार कर रही हैं। क्योंकि सीमेंट फैक्टरी में कच्चे माल व तैयार माल की ढुलाई के लिए रेल लाइन की बहुत जरूरत होती है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक्स व अन्य उपकरणों की कई कंपनियां भी इस रेल मार्ग के निर्माण का इंतजार कर रही हैं। इससे न केवल इलाके का औद्योगिकीकरण होगा, बल्कि लोगों का आवागमन भी सुगम होगा।