हाई बीपी और मोटापे से पीड़ित गर्भवती को कोविड का खतरा अधिक है। इससे बचने का सबसे सुरक्षित उपाय कोविड प्रतिरोधक टीकाकरण ही है। इस संबंध में सही और सटीक जानकारी देने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने ‘काउंसलिंग प्रेगनेंट वीमेन फॉर कोविड 19 वैक्सीन’ गाइडबुक जारी की है। इसमें गर्भवती के कोविड टीकाकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई है।
गाइडबुक को विशेष रूप से फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा वैक्सीनेटर के लिए तैयार किया गया है। जिसकी मदद से वह गर्भवती को कोविड टीकाकरण से संबंधित सही सलाह देकर टीकाकरण कराने में उनकी मदद कर सकते हैं।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि मंत्रालय ने गाइडबुक के जरिए बताया है कि गर्भवती को भी कोविड संक्रमण का खतरा है। अधिकतर गर्भवती में अलाक्षणिक या हल्के लक्षण दिख सकते हैं। हल्के लक्षणों के बावजूद संक्रमण से उनके स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है, जो गर्भस्थ शिशु की सेहत पर असर डाल सकता है। गर्भवती को कोविड संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए उनको टीकाकरण की सलाह दी जाती है।