व्यापारियों ने कहा- इस दौरान बिकेंगे गर्मी के कपड़े
वर्तमान में ऑफर देकर हटा रहे गर्म कपड़े, बहुत से प्रतिष्ठानों से हटाया गया गर्म कपड़ा
गोरखपुर। सहालग के बाद 15 मार्च से शुरू हो रहे खरमास के चलते शहर के बाजारों में करीब एक माह तक मांगलिक कार्यों से जुड़े कारोबार में सुस्ती रहने की संभावना है। व्यापारियों का कहना है कि इस दौरान विवाह और अन्य शुभ कार्यों पर विराम लगने से सोना-चांदी, कपड़ा और किराना समेत कई क्षेत्रों में कारोबार में मंदी रहेगी। हालांकि इस बीच गर्मी के कपड़ों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
सराफा व्यापारी हरि गोविंद वर्मा ने बताया कि खरमास के दौरान सोने-चांदी की खरीदारी आमतौर पर कम हो जाती है। हालांकि खरमास समाप्त होने के करीब 20 दिन पहले ही अगले सहालग की तैयारी शुरू हो जाती है, क्योंकि विवाह के लिए लोगों के पास समय कम होता है। ऐसे में ग्राहक नई डिजाइनों के गहनों की खरीदारी शुरू कर देते हैं। उन्होंने बताया कि दुकानों पर ग्राहकों की पसंद के अनुसार नए डिजाइन के आभूषण सजाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। किराना व्यापारी रजत जायसवाल के अनुसार खरमास में मांगलिक आयोजनों की कमी के कारण किराना कारोबार भी कुछ धीमा पड़ जाता है, लेकिन इसके बाद बाजार फिर से रफ्तार पकड़ लेता है।
वहीं कपड़ा व्यापारी व चेंबर ऑफ टेक्सटाइल्स के अध्यक्ष राजेश नेभानी ने बताया कि सहालग के बाद बाजार में गर्मी के कपड़ों की मांग बढ़ रही है। हल्के और आरामदायक कपड़ों की खरीदारी अधिक हो रही है। सर्दियों के कपड़ों को दुकानदार आधे से अधिक छूट देकर बेच रहे हैं, जबकि कई प्रतिष्ठानों ने शेष गर्म कपड़ों को गोदाम में रखवा दिया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि सहालग शुरू होते ही बाजार फिर से गुलजार हो जाएगा।