फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राहत: असुरन-मेडिकल रोड पर तीन जगह बनेगी पुलिया, आसपास की कॉलोनियों को जलभराव से मिलेगी निजात

Thu, 16 Sep 2021 02:12 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

सड़क व नाला ऊंचा होने के चलते मोहल्लों से नहीं निकल रहा बारिश का पानी। विष्णुपुरम, राजेंद्र नगर, शक्तिनगर समेत कई मोहल्लों को बरसात में बाढ़ जैसे हालात का सामना करना पड़ा है। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, शाहपुर व राप्तीनगर के पास प्रस्तावित है पुलिया।
विज्ञापन
असुरन-मेडिकल कॉलेज फोरलेन। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर शहर के असुरन-मेडिकल कॉलेज फोरलेन व नाले की ऊंचाई बढ़ने के कारण जलभराव से जूझ रहे आसपास के मोहल्लों में रहने वालों के लिए राहत भरी खबर है। प्रशासन की सख्ती के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क पर तीन जगह पुलिया निर्माण के प्रस्ताव को मान लिया है। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माण के लिए सड़क की खुदाई शुरू कर दी गई है। जल्द शाहपुर व राप्तीनगर के पास पुलिया निर्माण का कार्य शुरू होगा।
विज्ञापन


योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनते ही गोरखपुर शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण व उच्चीकरण का कार्य शुरू हो गया। अति व्यस्त सड़कों को चार लेन का बनाने के साथ ही दोनों तरफ चौड़ा नाला भी बनाया जा रहा है। परंतु नई बन रही इन सड़कों व नालों की ऊंचाई बढ़ाते समय अगल-बगल के मोहल्लों की जलनिकासी के बारे में नहीं सोचा गया। अब जबकि सड़क व नाला निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, तब यह मनमानी मुसीबत के तौर पर सामने आई है। इस बार विष्णुपुरम, विष्णुनगर, उत्तरी जटेपुर का राजेंद्रनगर, बशारतपुर की एक कॉलोनी के अलावा शक्तिनगर व शाहपुर के कुछ इलाकों में बारिश ही बाढ़ बन गई। सभासद राजेश यादव बताते हैं कि मुख्य नाले की ऊंचाई अधिक होने के चलते कॉलोनियों का पानी तो उसमें नहीं ही पहुंचा, जब नाले में सड़क का पानी आया तो वह भी बहकर कॉलोनियों में आने लगा।
 
दो मीटर की होगी पुलिया
मेडिकल कॉलेज रोड पर असुरन चौराहे से आगे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने, शाहपुर थाना के निकट और राप्तीनगर चौराहे के पास बनने वाली प्रत्येक पुलिया दो मीटर चौड़ी होगी। एक पुलिया के निर्माण पर लगभग छह लाख रुपये का खर्च आएगा। इस तरह से तीन पुलिया के निर्माण पर 18 लाख रुपये का खर्च आएगा। पुलिया बनने में भी महीने भर का वक्त लगेगा। अभी इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक लेन तोड़कर पुलिया बनाने का काम शुरू हुआ है। मौसम ठीक रहा तो कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। निर्माण अवधि में एक लेन पर आवागमन होता रहेगा।
विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

खजांची के पास गोड़धोइया नाले तक पहुंचेगा पानी

तीनों पुलिया का पानी मुख्य नाले से होकर खजांची चौराहे के पास गोड़धोइया नाले में गिरेगा। इस नाले से होकर पानी रामगढ़ताल तक चला जाएगा। इससे विष्णुपुरम, भेड़ियागढ़, बशारतपुर, शक्तिनगर समेत कई मोहल्लों के लोगों को राहत मिलेगी।
 
डीएम की सख्ती के बाद आई तेजी
मेडिकल कालेज रोड पर तीन जगह पुलिया बनाने का यह प्रस्ताव तो करीब छह महीने पहले ही बन गया था। स्थानीय लोगों ने नाले की ऊंचाई अधिक होने से बरसात में आने वाली दिक्कतों को लेकर अफसरों को पत्रक दिया था। विधायक आरएमडी अग्रवाल ने भी सवाल खड़ा किया था। इसके बाद तत्कालीन कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने जीडीए, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं की एक कमेटी बनाकर रिपोर्ट मांगी थी। उस कमेटी ने ही फोरलेन सड़क पर तीन जगह पुलिया बनाने का सुझाव दिया था। लेकिन इस पर अमल नहीं हो पा रहा था। डीएम विजय किरन आनंद ने पिछले दिनों जब जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया, तब यह कार्रवाई उनके संज्ञान में आई। डीएम ने कार्य तत्काल कराने का निर्देश दिया तो अफसरों ने हड़बड़ी में काम शुरू कराया।

लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज रोड पर पुलिया बनाने का प्रस्ताव एस्टीमेट में शामिल था। अभी यह सड़क निर्माणाधीन है। वरिष्ठ अफसरों के निर्देश पर तीन जगह पुलिया बनाई जानी है। इसमें से एक जगह अभी काम शुरू हुआ है। बरसात में गड्ढा खुदाई से लेकर निर्माण तक में दिक्कत आती है। अगर मौसम ठीक रहा तो एक महीने में तीनों पुलियों का निर्माण हो जाएगा। यह पुलिया सड़क के किनारे बने नालों को आपस में जोड़ेगा। कॉलोनियों का पानी भी नाले से होकर निकल जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें