उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में खेत की तरफ गई एक किशोरी का दो मनबढ़ों ने तमंचे के बल पर अर्धनग्न करके वीडियो बना लिया। जब इसका विरोध किशोरी ने किया तो उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। किशोरी को मनबढ़ दो हफ्ते तक ब्लैक मेल करते रहे। तंग आकर किशोरी ने पूरी घटना अपने पिता को बताई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कार्रवाई के बजाए पुलिस इस मामले को समझौता कराने में जुटी है।
ये है पूरा मामला
सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी कुछ दिन पूर्व शाम को घर से शौच करने के लिए निकली थी। आरोप है कि गांव के बगल के दो युवक उसके पीछे लग गए और उसके साथ जबरिया अश्लील हरकत करने लगे। जब वह अश्लील हरकत का विरोध की तो मनबढ़ों ने तमंचा दिखाकर उसको अर्धनग्न कर धमकी दी और वीडियो बना लिया।
किशोरी के परिवार वालों के अनुसार, आरोपियों ने उसे अर्धनग्न वीडियो दिखाकर वायरल करने धमकी दी और अश्लीलता भी करते रहे। यहां तक कि कुछ दिन बाद दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ भी गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाने लगे। उनकी बात न मानने पर दोनों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
परिवार वालों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाशों द्वारा जान से मारने की धमकी मिल रही है। जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है। इस बावत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने अनभिज्ञता जताई है।