उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कैंट थाने के पास शुक्रवार की सुबह पैदल जा रहे ट्रांसपोर्टर पर चाकू से हमला कर बदमाशों ने सनसनी फैला दी।
घायल हालत में ट्रांसपोर्टर इंद्रपाल सिंह को एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। उधर, उनके शोर मचाने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपियों की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश वारदात करने के बाद दाउदपुर की तरफ फरार हुए थे। ट्रांसपोर्टर के भाई ने कैंट थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, दाउदपुर कालीमंदिर निवासी ट्रांसपोर्टर इंद्रपाल सिंह शुक्रवार की सुबह छह बजे पैदल मोहल्ले में स्थित जिम जा रहे थे। घर से 500 मीटर दूर कैंट थाने के पीछे पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने कैंट थाना गली में चाकू से गर्दन और कान के नीचे हमला कर दिया।
वारदात के बाद बदमाश दाउदपुर चौराहा की तरफ भाग गए। हमले में घायल हुए इंद्रपाल सड़क पर गिर गए। उनकी चीख- पुकार सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने कैंट थाने जाकर घटना की जानकारी दी। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मी भागते हुए मौके पर पहुंचे।
खबर मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय, पैडलेगंज चौकी प्रभारी कमलेश यादव और ट्रांसपोर्टर के बड़े भाई यशपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। अपनी गाड़ी से उन्हें तारामंडल स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही दबोच लिया जाएगा।