नेपाल के कैलाली जिले की पुलिस ने सूचना के बाद एक मकान पर छापा डाल कर राजस्व विभाग के स्टीकर के साथ तीन भारतीय सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। सोमवार की देर रात नेपाल कैलाली जिले की पुलिस को सूचना मिली कि (आबकारी) राजस्व विभाग के स्टैंप लगे स्टिकर भारी मात्रा में एक किराए के मकान में छिपाकर रखा गया है।
सूचना के बाद गौरीगंगा नगर पालिका-7 में सड़क खंड से छापा डाल कर पुलिस ने अधिक मात्रा में राजस्व विभाग के स्टीकर बरामद कर तीन भारतीयों और दो नेपालियों को गिरफ्तार किया।
कैलाली डीएसपी भीम थापा ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में भारत के लखीमपुर खीरी निवासी संजीत कुमार, रिंकू कुमार और सुरेश कुमार शामिल हैं। रोहतट गरुड़ नगर पालिका-1 के राजकुमार शाह और परसा के बीरगंज मेट्रोपॉलिटन सिटी-13 के विजय गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है।
इनके पास एक मदिरा कंपनी के अंतर्देशीय राजस्व विभाग के 2,88,674 स्टिकर स्टैंप मुहर, एक भारतीय और नेपाली नंबर की बाइक बरामद कर कार्रवाई की जा रही है।