अस्पताल में भर्ती घायल सोनू जायसवाल।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखनाथ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाद किराना दुकानदार के पुत्र को कंधे के पास गोली लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुकानदार ने किरायेदारी के विवाद में दुकान मालिक बाप-बेटों पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
गुलरिहा क्षेत्र के झुंगिया बाजार के मूल निवासी किशुन जायसवाल गोरखनाथ के शास्त्रीपुरम इलाके में रहते हैं। उनकी राजेन्द्र नगर में वी मार्ट के सामने किराने की दुकान है। दुकान खाली करने को लेकर दुकान मालिक से किशुन जायसवाल का विवाद चल रहा है। 21 नवंबर को बेटी की शादी में किशुन जायसवाल का पूरा परिवार वाराणसी गया था।
आरोप है इस बीच मालिक ने दुकान गिरवा दी। जब वे वाराणसी से लौटे तब जानकारी हुई। इसे लेकर संबंध और बिगड़ गए। मंगलवार को किशुन जायसवाल का दूसरे नंबर का बेटा सोनू (30) बाइक से घर से निकला। आरोप है कि सुभाषनगर में स्कार्पियो सवार चार-पांच लोगों ने सोनू को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और भाग निकले। पेड़ के किनारे पड़े सोनू को देखकर किसी ने डॉयल 112 को सूचना दी।
एसपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि गोरखनाथ क्षेत्र में एक व्यक्ति के कंधे के पास गोली लगने की सूचना पर पीआरवी व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मामले की छानबीन कराई जा रही है।