गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल इलाके में सोमवार की दोपहर हुई 5.28 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है। घटना का पर्दाफाश करने के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई अन्य टीमें भी लगाई गई हैं। बदमाशों की पहचान व धरपकड़ के लिए दो टीमें जिले से बाहर भी भेजी गई हैं। लूट के शिकार कलेक्शन एजेंट व उसके कई सहकर्मियों से पूछताछ हुई है। पुलिस इस घटना का जल्द पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।
सीएमएस (कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम) कंपनी के कलेक्शन एजेंट नवनीत से सोमवार को तारामंडल क्षेत्र के माउंट लिट्रा जी स्कूल से पहले सड़क पर दिनदहाड़े लूट हुई थी। बाइक से आए तीन बदमाशों ने नवनीत की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया था। डीआईजी व एसएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया था। लिहाजा, रामगढ़ताल पुलिस पर लूट की घटना के जल्द पर्दाफाश का दबाव है। अब पुलिस ने केस दर्ज करके घटना की छानबीन तेज की है। दो टीमें दूसरे जिले में भेजी गई हैं।
पुलिस की एक टीम ने सीएमएस कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। कलेक्शन एजेंट नवनीत जिस रास्ते से रुपये लेकर आ रहा था, उसकी भी छानबीन की गई है। स्कूल, दुकान व बैंकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक एक सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की फोटो प्राप्त हुई है।
पहचान व धरपकड़ के प्रयास तेज किए गए हैं। कई जगह दबिश भी दी गई है। इस मामले की जानकारी पुलिस के आला अफसर लगातार ले रहे हैं। रामगढ़ताल के एसओ जेएन सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसएसपी के मार्गदर्शन में घटना की जांच की जा रही है।
कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल वाले स्थल के आसपास लगे दूर संचार कंपनियों के बेस ट्रांसमिशन टॉवर (बीटीएस) की जानकारी मांगी गई है। इससे घटना के वक्त उस क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों की छानबीन आसानी से की जा सकेगी। सर्विलांस की मदद से पुख्ता जानकारी जुटाई जाएगी। जानकारी के हिसाब से ही कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस अलग-अलग संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।