गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के एक गांव में छत पर सोई ग्यारह साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के एक आरोपी गोविंद भारती को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके दूसरे साथी दीनदयाल की तलाश में दबिश दे रही है। उधर, महिला सीओ की अगुवाई पुलिस टीम पीड़िता के बयान, मेडिकल प्रक्रिया पूरी कराने लिए लगाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता चेन्नई में पेंट पालिश का काम करते हैं। 12 सितंबर को 11 साल की बच्ची अपने छोटी बहन के साथ छत पर सोई थी। घर के बाहर उसके बाबा-दादी थे। इसी बीच मौका पाकर गोविंद और दीनदयाल छत पर चले गए और छोटी बहन का मुंह दबाकर शोर ना मचाने की धमकी दी।
कहा था कि अगर शोर मचाई तो छत से फेंककर हत्या कर दूंगा। इसके बाद दोनों ने बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। पिता के चेन्नई से लौटने पर सोमवार को तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया था। मंगलवार को पुलिस ने एक आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है।