नुसरत उल्लाह वारसी की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
राजघाट इलाके के बनकटी चक में पुराने रईस नुसरत उल्लाह वारसी के घर में घुसकर उनकी हत्या की गुत्थी पुलिस अब भी सुलझा नहीं सकी है। जांच में गोली मारने के तरीके से शूटर की आशंका, घर से ही मुखबिरी होने के संकेत तो मिले हैं, मगर कौन और किसने? इस पर पुलिस अटक गई है। नुसरत के विवादों की फेहरिस्त भी इतनी लंबी है कि पुलिस आगे बढ़ने से पहले हर मामले की पूरी तहकीकात कर लेना चाहती है।
जानकारी के मुताबिक, जिस दिन हत्या हुई थी, जांच के बाद उसी दिन यह बात साबित हो गई थी कि गोली मारने वाले हाथ भले ही शूटर के हों पर उसकी ऊंगली ट्रिगर तक ले जाने वाला शख्स कोई अपना है। पुलिस ने मोहल्ले और घर के लोगों से बातचीत भी की है।
मगर अभी तक वह ठोस आधार नहीं मिल पाया है जिससे किसी अपने को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा सके। पुलिस का पूरा ध्यान अब शूटर की ओर मुड़ गया है। प्रयास है कि शूटर को पकड़ कर पूछताछ की जाए और हत्या का राज खोला जाए।
यह हुआ था
22 फरवरी की रात नुसरत उल्लाह वारसी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नुसरत पड़ोसी के घर से कैरम खेल कर लौट रहे थे। रात ग्यारह बजे के करीब एक शख्स उनके कंधे पर हाथ रखकर अंदर गया था और फिर आंगन में नुसरत उल्लाह का शव मिला था।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि पुलिस की कई टीमें मामले की छानबीन में जुटी हैं। अभी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।