गोरखपुर में कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत मामले में इंस्पेक्टर रहे जेएन सिंह, अक्षय मिश्रा समेत छह आरोपितों की मदद करने वाले पुलिस वाले भी एसआईटी के निशाने पर आ गए हैं। एसआईटी कानपुर सह अभियुक्तों के खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है।
खबर है कि एसआईटी आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। मामले में नामजद एक आरोपी दरोगा विजय यादव अभी फरार है। उसकी तलाश में लगी पुलिस टीमों ने कई जगहों पर फिर दबिश दी है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष हत्याकांड में पुलिस ने इंस्पेक्टर जेएन सिंह, चौकी इंचार्ज रहे अक्षय मिश्रा, विजय यादव, राहुल दुबे, कमलेश और प्रशांत को आरोपित बनाया था। इसमें से पांच लोग गिरफ्तार हो चुके है सिर्फ विजय यादव फरार चल रहा है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। इस बीच मामले की जांच कर रही एसआईटी कानपुर अब सह अभियुक्तों पर फोकस कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में दस से ज्यादा पुलिस वाले जांच के दायरे में हैं। पकड़े जाने के बाद आरोपियों से इनके बारे में एसआईटी ने पूछताछ भी की थी। इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।