रोते- बिलखते परिजन व घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस।(इनसेट में मृतक की फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के सोपरा देवरिया गांव में बुधवार की देर रात आर्केस्टा में नाच-गाने को लोकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान गाली गलौच और हाथा पाई भी हुई। गुरुवार की सुबह घटना की शिकायत लेकर पहुंचे एक 45 वर्षीय व्यक्ति की दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडे से पीटने के बाद कुदाल से काटकर हत्या कर दी। वहीं मृतक के साथ गए अन्य लोग भी घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव में लालबहादुर विश्वकर्मा के यहां रात में बरात आई थी, जिसमें आर्केस्ट्रा आया था, गांव के ही चंद्रपाल यादव पुत्र रामअचल यादव और शिवम सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह के बीच नाच गाने को लेकर गाली गलौज और हाथा पाई हो गई। मौके पर डायल 112 पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षो को समझाकर शांत कराया।
वहीं गुरुवार की सुबह विजय प्रताप सिंह के पिता हरिशंकर सिंह अपने दरवाजे पर पहुंचे थे कि रामअचल यादव का पुत्र चंद्रपाल यादव रात की घटना को लेकर हरिशंकर सिंह के पास पहुंचा और डंडे से उनकी पिटाई कर दी। इस बात की जानकारी हरिशंकर के परिजनों को हुई को उनके पुत्र विजय प्रताप सिंह अपने चाचा और पुत्र के साथ शिकायत लेकर रामअचल यादव के घर पहुंचे।
इस दौरान वहां पहले से तैयार रामअचल यादव और उनके लड़के व कुछ अन्य लोग लाठी डंडा लेकर इन लोगों पर टूट पड़े, देखते ही देखते विजय प्रताप सिंह को जमकर पीटा गया और बाद में कुदाल से कई बार हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ गए अन्य लोग घायल हो गए।
गांव वालों के जुटने पर सभी आरोपी घर छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर हरपुर बुदहट थानाध्यक्ष सुरेश चंद राव ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दिया। जानकारी मिलते ही एसपी साउथ विपुल श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील करवा दिया, आरोपियों के घर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। वहीं सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
इस संबंध में एसपी दक्षिणी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गांव मे शांति कायम है, नाच गाने का विवाद हत्या में बदल जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषियों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही आरोपी पुलिस कस्टडी में होंगे।