घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस।(इनसेट में मृतक की फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गीडा इलाके के गाहासाड़ रेलवे ट्रैक के पास क्लीनिक कर्मचारी ओंकार उपाध्याय की हत्या मामले में पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ओंकार के एक करीबी दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसएसपी जोगेंद्र कुमार बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास से मूसल (घरों में मसाला कूटने के लिए इस्तेमाल होने वाला लोहे का उपकरण) बरामद हो गया। जांच में पता चला है कि ओंकार की गोली मारकर नहीं, बल्कि मूसल से सिर कूंचकर हत्या की गई थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल के मोहम्मदपुर निवासी ओंकार की मंगलवार देर रात करीब दस बजे हत्या कर दी गई थी। भेजा उड़ गया था, लिहाजा प्रथमदृष्टया गोली मारकर हत्या की बात सामने आई थी। बुधवार को जब पुलिस टीम ने जांच पड़ताल को आगे बढ़ाया, तो पता चला कि मूसल से सिर कूंचकर हत्या की गई है।
पत्नी को भी किया गया है फोन
पुलिस को शव मिलने के स्थान से कुछ दूरी पर एक नया मोबाइल फोन मिला है, जिससे सिर्फ दो नंबरों पर बात की गई है। एक जैकेट भी मिला, जिस पर खून के धब्बे लगे हैं। पुलिस कॉल डिटेल की मदद से हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लगी हैं, जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।
पुलिस को मौके से जो नया मोबाइल फोन मिला है, उससे सिर्फ दो नंबरों पर कॉल की गई है। एक ओंकार को तो दूसरा उसकी पत्नी को। पत्नी ने पुलिस को बताया कि फोन करने वाले ने ओंकार के एक दोस्त का नाम लेते हुए उनके आने के बारे में पूछा था, फिर फोन नहीं मिला। पुलिस को संदेह है कि कोई बहुत करीबी हत्या में शामिल है। वह काफी शातिर है, क्योंकि उसने नए फोन नंबर का इस्तेमाल किया है, ताकि पकड़ा ना जा सके।
ओंकार के मोबाइल फोन से खुलेंगे कई राज
पुलिस ओंकार के मोबाइल फोन की सीडीआर हासिल करने में जुटी है। उससे स्पष्ट होगा कि आखिर ओंकार को किसने फोन कर हत्या वाली जगह पर बुलाया था। इसके अलावा कौन-कौन से लोग ओंकार के संपर्क में थे, यह भी मोबाइल फोन के सीडीआर से ही साफ हो पाएगा।
अवैध प्रेम संबंधों में हत्या की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस तरह से हत्या की गई है, उसमें क्रूरता साफ झलक रही है। ऐसा ज्यादातर अवैध प्रेम संबंधों के मामलों में होता है। पुलिस अवैध प्रेम संबंधों में हत्या के अलावा अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।