उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पुलिस ने मानीराम इलाके में कुदरिया बांध के पास झाड़ी में बॉक्स में मिले महिला के शव के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, चरित्र पर शक और घरेलू विवाद से तंग आकर पति ने ही महिला की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपित पति विनय वर्मा और शव ठिकाने लगाने में मददगार उसके दोस्त साहिल भारती को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों को गंगानगर मोहल्ले से पकड़ा। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एएसपी व सीओ कैंपियरगंज राहुल भाठी ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि बीते 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे शाहपुर इलाके के गंगानगर निवासी विनय वर्मा का उसकी पत्नी रागिनी श्रीवास्तव से विवाद हुआ।
विनय ने इलेक्ट्रिक प्रेस के तार से गला दबाकर रागिनी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने अपने दोस्त चिलुआताल के रामजानकी नगर निवासी साहिल भारती से बॉक्स मंगाया। बॉक्स में शव व जेवरात तथा कपड़े रखकर दोनों उसे बाइक से लेकर भोर में पीपीगंज इलाके में कुदरिया बंधे पर पहुंचे। वहां बॉक्स को झाड़ी में फेंक कर फरार हो गए।
एएसपी ने बताया कि घटना के दो दिन बाद विनय, पत्नी की फोटो लेकर गुमशुदगी दर्ज कराने शाहपुर थाने पहुंच गया, ताकि उसपर किसी को संदेह न हो।
मोबाइल फोन का दुकानदार है आरोपी विनय
आरोपी विनय वर्मा मूल रूप से महराजगंज जिले के नौतनवां का रहने वाला है। पिछले 10 साल से वह शाहपुर इलाके के गंगानगर में किराए पर कमरा लेकर रहता है। थाने के पास मोड़ पर उसकी मोबाइल फोन की दुकान है। देवरिया, बनकटा के पकड़ी नरही की रहने वाली युवती रागिनी श्रीवास्तव से एक साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था।
विनय ने पूछताछ में बताया कि रागिनी की बड़ी बहन का ससुराल शाहपुर के शक्तिनगर में है। वहां रागिनी अक्सर देवरिया से आती थी। इसी दौरान विनय की रागिनी से मुलाकात हुई। प्रेम विवाह के बाद दोनों गंगानगर इलाके में किराए के मकान में रहने लगे। इसी बीच बड़ी बहन के पति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, शादी के छह माह बाद दोनों के संबंध बिगड़ गए। बड़ी बहन के घर पति के आने-जाने पर रागिनी सवाल उठाती थी। रागिनी और विनय दोनों को एक दूसरे के चरित्र पर शक था। इसको लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।