बस्ती जिले के राम जानकी मार्ग पर स्थित कलवारी थाना क्षेत्र के पाऊं कस्बे में हारमोनियम वादक मो. इद्रीश (80) की संदिगध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव उनके घर से लावारिश हालात में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इद्रीश के बेटे रईस ने कलवारी पुलिस को तहरीर देकर मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है।
मोहम्मद इद्रीश हारमोनियम बजाने के साथ साथ भजन भी गाते थे। उनको लोग रामयाण, भजन, रामलीला सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बुलाते थे। उनसे मिलने वाली बख्शीस से अपना जीविकोपार्जन करते थे। दो बेटो में बड़ा बेटा फिरोज काफी पहले गायब हो गया था। जिसका आज तक पता नहीं चला। जबकि छोटा बेटा रईस रसूलपुर थाना टांडा अंबेडकर नगर में अपने परिवार के साथ रहता है।
लोगों ने बताया कि मोहम्मद इद्रीश गांव के बाहर घर बनाकर रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह पाऊं निवासी युसुफ उनके घर के पास गया तो उसे दुर्गन्ध लगा। इस बारे में उसने गांव में लोगों को बताया। कुछ ही देर में लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
मृतक के बेटे रईस ने पुलिस को तहरीर देकर लिखा है कि उसके पिता का पोस्टमार्टम कराकर मौत का कारण पता लगाया जाय। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार शाही ने बताया कि शव निरीक्षण से लगता है कि मौत कुछ दिन पूर्व हुई है। शव में कीड़े पड़ गये है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।