गुलरिहा इलाके में किशोरी को बंधक बनाकर पांच दिन तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान दो अन्य लोग भी आते थे, जिन्होंने छेड़खानी की। शुक्रवार को किसी तरह से आरोपितों के चंगुल से छूटी किशोरी सरहरी चौकी पर पहुंची और आपबीती सुनाई। उसने शादी के नाम पर झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप एक युवक पर लगाया।
पुलिस ने किशोरी के घरवालों को बुलाया और फिर किशोरी को सुपुर्द कर अपना काम खत्म कर लिया। इतने गंभीर प्रकरण में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। पुलिस की दलील है कि पीड़ित ने कोई तहरीर नहीं दी है, इस वजह से कार्रवाई नहीं की गई है। अमर उजाला के पास पीड़ित किशोरी का वीडियो है।
वीडियो में किशोरी के बयान के मुताबिक उसकी उम्र करीब 17 साल है। उसकी मोबाइल पर एक युवक से बातचीत होती थी। युवक ने शादी का झांसा देकर उसे बाइक से सरहरी इलाके में ले आया। वहां पर एक टीनशेड में रखा और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान उसके जाने पर दो लोगों आते थे जो रखवाली करते थे। झांसा देने की वजह से मैं भी भागी नहीं। फिर दोनों ने छेड़खानी की तो शक हुआ लेकिन आरोपित भागने नहीं दे रहा था।
शुक्रवार को किसी तरह से मौका पाकर वह निकली और फिर कुछ ग्रामीणों की मदद से चौकी तक पहुंची थी।
किशोरी ने इस दौरान आपबीती पुलिस को सुनाई। पुलिस ने जांच करने की जगह सबसे पहले किशोरी के घरवालों को बुलाया फिर लोकलज्जा का डर से घरवालों ने वहीं किया जो पुलिस चाहती थी। घरवालों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी और किशोरी को लेकर घर चले गए। पुलिस ने यहीं पर जांच बंद कर सारी कार्रवाई रोक दी। आरोपित कौन है, उसने घटना की या नहीं इसकी जांच पुलिस ने ही की ही नहीं।