जसपाल कौर के शव के पास एकत्रित ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गिद्दड़बाहा हलके के गांव लुंडेवाला में जमीन के विवाद में शुक्रवार की शाम पति-पत्नी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। चचेरे भाई, उसकी पत्नी व तीन बेटों ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गिद्दड़बाहा हलके के गांव लुंडेवाला निवासी जसविंदर सिंह का अपने चचेरे भाई राजवीर सिंह के साथ अट्ठारह एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
इस संबंध में जसविंदर सिंह की ओर से करीब तीन माह पहले जमीन बंटवारे के विवाद के चलते कोर्ट में केस भी लगाया था। इसके चलते राजवीर सिंह अपने चचेरे भाई जसविंदर सिंह के साथ रंजिश रखता था। जसविंदर सिंह की ओर से गांव में ही खेत के पास जमीन पर नया घर बनाने का काम चल रहा है और मजदूर लगे हुए हैं। बताते हैं कि जसविंदर सिंह व उसकी पत्नी जसपाल कौर शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे खेतों में मजदूरों के लिए चाय लेकर जा रहे थे।
रास्ते में राजवीर सिंह, उसकी पत्नी व तीनों बेटे आ गए और दोनों पक्षों में बहस हो गई। इस दौरान राजवीर सिंह ने 12 बोर पिस्तौल से जसविंदर व उसकी पत्नी जसपाल कौर पर गोलियां मार दी। जसविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जसपाल कौर ने मजदूरों वाले कमरे में भागकर जान बचानी चाही। आरोपियों ने पीछे दौड़कर जसपाल कौर पर भी गोलियां दाग दीं। इससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
एसपी (देहात) गुरमेल सिंह तथा डीएसपी गुरतेज सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के बेटे परविंदर सिंह ने राजवीर सिंह, उसकी पत्नी व बेटे चमकौर सिंह, जलौर सिंह व दलौर सिंह के खिलाफ बयान दर्ज करवाए हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।