डर कर लोग भागे
आगबबूला गौतम ने अपनी बाइक से ऑटो का पीछा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मानीराम के पास युवती जैसे ही ऑटो से उतरी, वैसे ही गौतम ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से सिर, गर्दन, अंगुली समेत शरीर पर कई हिस्सों में गहरे घाव हो गए। घावों से खून की धार बहने लगी और युवती लहराकर वहीं गिर पड़ी। जिसने भी वारदात देखा, वह स्तब्ध रह गया।
कुछ तो डर के मारे सिर पर पैर रखकर भाग खड़े हुए तो कुछ जुझारू, हमलावर की ओर लपके और कुछ ही दूरी पर जाकर उसे दबोच लिया। इस बीच ऐसे मौके पर हाथ साफ करने वाले तमाम लोग जमा हो गए और हमलावर पर पिल पड़े। लात-घूंसों की बौछार के बीच पुलिस ने युवक को बमुश्किल बचाया। हमला करने वाले युवक को बचाने पर घायल युवती के सगे-संबंधी व ग्रामीण भड़क गए। कुछ लोगों ने पुलिस की जीप पर ही पथराव कर दिया। घटना की जानकारी के बाद सीओ कैंपियरगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पथराव करने वाले लोगों को खदेड़ा गया।
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि चाकू से युवती पर हमला किया गया है। घटना के वजहों की जांच की जा रही है। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।