गोरखपुर जिले के पीपीगंज के ताललिखिया गांव के राजगीर मिस्त्री सर्वजीत की हत्या उसके साथियों ने ही अवैध संबंध की आशंका में की थी। घटना वाले दिन उसको घर से बाइक से ले गए और शराब पिलाने के बाद मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से जेल भेज दिया गया।
एसपी उत्तरी अरविंद कुमार पांडेय और सीओ कैंपियरगंज दिनेश कुमार सिंह ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि तालकोईला गांव निवासी इंदल पासी को अपनी परिचित एक महिला के साथ सर्वजीत के अवैध संबंध होने की आशंका थी। उसने सबक सिखाने की योजना बनाई।
मंगलवार की रात इंदल अपने साथियों के साथ बाइक से सर्वजीत के घर पहुंचा और साथ लेकर चला गया। ताललिखिया गांव से करीब दो किलोमीटर दूर पोखरे के किनारे सर्वजीत को शराब पिलाया। नशे में होने के बाद चाकू से गोद कर हत्या कर दी।
सर्वजीत का सहायक रहा जीतू निषाद, श्रवण निषाद और ताललिखिया गांव के दरबारी ने इस काम में इंदल का साथ दिया। पीपीगंज थानेदार राजेंद्र मिश्रा ने रविवार को ताललिखिया गांव के पास से ही उनको गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयोग किया गया चाकू बरामद कर लिया।
काम पर साथ नहीं ले जाने से नाराज था जीतू
सीओ ने बताया कि सर्वजीत अच्छा राजगीर मिस्त्री था। उसके साथ मजदूर का काम करने वाले जीतू निषाद को उसने काम सिखाया और अपना सहायक बना लिया था। इधर, लॉकडाउन के बाद से काम मिलने पर सर्वजीत अपने साथ जीतू को ले जाना छोड़ दिया था। इसको लेकर जीतू उससे नाराज था। इसके चलते वह भी इंदल की हत्या की योजना में शामिल हो गया।