गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पिछले 15 दिन से नवजात बच्ची को छोड़कर घरवाले फरार हो गए है। काफी इंतजार के बाद भी घरवालों के नहीं लौटने पर शनिवार को मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से गुलरिहा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीपीगंज में रहने वाले परिवार वालों से संपर्क किया तो पिता ने नवजात की मां के तबीयत का हवाला देकर रविवार को आने को कहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज थाना क्षेत्र के महदा गांव निवासी भोला ने अपने नवजात बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में 35 दिन पहले भर्ती करवाया था। पहले तो घरवाले वहां पर मौजूद रहते थे लेकिन पिछले 15 दिन से वहां पर कोई नहीं था। ना तो बच्चे के घरवालों ने डॉक्टर से संपर्क किया और ना ही उसे देखने के लिए कोई आया है।
डॉक्टरों ने काफी इंतजार कि जब मरीज के तीमारदार नहीं आए तो डॉक्टरों ने एक लिखित सूचना शनिवार को मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पर दी। चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया तीमारदार की तलाश की जा रही है। पिता ने बताया कि नवजात की मां नर्सिंग होम में भर्ती है। रविवार को आने की बात कहा है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।