गोरखपुर में प्रताड़ना का आरोप लगाने वाला वीडियो बनाकर खुदकुशी करने वाली मंजू (55) के पति रामपलट यादव और उनकी महिला मित्र समेत पांच लोगों के विरुद्ध पुलिस ने खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार को पिपरौली ब्लॉक के सेक्रेटरी और महिला के पति रामपलट को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों मंदाकिनी पांडेय, अमरीश पांडेय, रघुवंश त्रिपाठी, और जैसमिन पांडेय की तलाश पुलिस कर रही है।
रामगढ़ताल थाने में बेटी ने तहरीर देकर बताया है कि उनके पिता और पिपरौली ब्लॉक के सेक्रेटरी रामपलट यादव का भीटी खोरिया की मंदाकिनी पांडेय से संबंध है। इस वजह से तीन महीने पहले पिता ने हम लोगों को घर से निकाल दिया। इसके बाद हम लोग तारामंडल में रहने लगे।
मंदाकिनी अपने अन्य सहयोगियों के साथ रोजाना ही फोन कर मां को जानमाल की धमकी दे रहीं थीं। बृहस्पतिवार की रात 12 बजे पिता रामपलट यादव और मंदाकिनी ने फोन करके मां मंजू को अपशब्द कहे। इससे वह काफी आहत थीं।
शुक्रवार की शाम को उन्होंने मुझसे मोबाइल लिया और अकेले कमरे में अपनी आपबीती का वीडियो बनाया। इसके बाद वह घर से निकल गईं। शाम को छोटे भाई के पास फोन आया कि वह अचेत हालत में कचहरी के पास सड़क किनारे पड़ी हुईं हैं। सूचना पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाने के बाद एसएसपी ने केस दर्ज कर जांच का आदेश दिया था।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने कहा कि महिला ने मौत से पहले एक वीडियो वायरल किया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।