प्रेमिका से मिलने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के आकाश यादव की पिटाई के बाद मौत मामले में पुलिस ने युवती, उसकी मौसी समेत पांच के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आकाश के चाचा अनिल यादव की तहरीर पर बसावनपुर निवासी प्रभावती, किशुन देव, मनीषा, गोविंद और अभिषेक के खिलाफ मारपीट, साजिश और गैर इरादतन हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर प्रेमिका और उसकी मौसी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मऊ के रामपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का निवासी आकाश यादव बृहस्पतिवार की रात अपनी प्रेमिका से मिलने बड़हलगंज इलाके के एक गांव में आया था। इस बात की भनक मिलते ही युवती के घरवाले और रिश्तेदारों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और मारपीट कर मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र में फेंक दिया।
वहां राहगीरों की मदद से यूपी 112 के पुलिस कर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना दी। मऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को आकाश की मौत हो गई।
आकाश के मोबाइल की जांच के बाद घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद आकाश के चाचा अनिल यादव ने बड़हलगंज थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।