गोरखपुर के चिलुआताल इलाके के सिंघोरवा बाजार के पास रविवार की रात सगे भाइयों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस दौरान एक भाई बाइक छोड़कर खेत के रास्ते भागने में सफल रहे। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उनपर फायरिंग भी की। वहीं दूसरे भाई को बदमाशों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया और छोड़कर भाग निकले।
इंस्पेक्टर चिलुआताल जय नारायण शुक्ला ने बताया कि चार नामजद मनीष सिंह उर्फ रूदल सिंह, अखिलेश सिंह, पिंटू सिंह व नौशाद अली सहित आठ लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल इलाके के सिंघोरवा बाजार के रहने वाले अवनीश कुमार तिवारी उर्फ लुट्टूर तिवारी अपने चचेरे भाई बंटी तिवारी के साथ रविवार की रात सहजनवां इलाके के लखनापार निवासी श्रीराम शब्द सिंह के घर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आरोप है कि शादी समारोह में ही डोहरियां बाजार के रहने वाले डॉ. दिलीप सिंह, पिंटू सिंह और टूनटून मद्धेशिया से पुरानी रंजिश को लेकर हाथापाई हो गई।
इसके बाद अवनीश और बंटी बाइक से घर वापस आने के निकल लिए। आरोप है कि सिंघोरवा बाजार चौराहे पर स्थित ट्यूबवेल के पास चिलुआताल इलाके के डोहरियां के रूदल सिंह दो कार में 8-10 साथियों के साथ आए और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों वहीं पर गिर गए।
इसके बाद बदमाशों ने हॉकी, डंडे और रॉड से दोनों की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच मौका पाकर अवनीश खेत के रास्ते भागने में सफल हो गए। आरोप है कि भागने के दौरान बदमाशों ने उनपर कई गोलियां भी चलाईं लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर बच गए। बदमाशों ने उनके चचेरे भाई बंटी को बुरी तरह से पीट कर अधमरा कर दिया और उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
घटना की वजह पंचायत चुनाव की रंजिश बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक रूदल सिंह के भाई गोरख सिंह ने भी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। चुनाव में किसी और का समर्थन करने के लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।