उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार की सुबह एक पति अपनी पत्नी से मामूली बात को लेकर नाराज हो गया। उसके बाद नाराज पति गांव से सटे खेत में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
मोबाइल टावर पर चढ़े नाराज पति ने अपना गुस्सा उतारते हुए जोर-जोर से चिल्लाते हुए अपनी पत्नी के मायके वालों को भला बुरा कहने लगा। वहीं नाराज पति के इस हाई वोल्टेज ड्रामा को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। ग्रामीणों के समझाने के घंटों बाद पति नीचे उतरा, तब जाकर सबके जान में जान आई।
मोबाइल टावर पर चढ़े युवक ने बताया कि वह गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता था। जब परिजनों को इसकी भनक लगी, तो वह विरोध करने लगे। लेकिन ग्रामीणों की मध्यस्थता से छह माह पहले वह अपनी प्रेमिका से शादी रचा लिया।
वहीं प्रेम विवाह होने के चलते घर वालों ने सारे संबंध तोड़ लिए लेकिन प्रेमिका के परिजन उससे मिलते जुलते थे। काफी समझाने के बाद भी प्रेमिका अपने परिजनों से मिलना जुलना बंद नहीं करती थी। जिससे नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पति का कहना है कि जब हम अपने परिजन को छोड़ दिए हैं, तो मेरी प्रेमिका भी अपने परिजनों को छोड़ दें।
सदर कोतवाल अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। लोगों से मिली सूचना के बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंचने से पहले ही युवक टावर से नीचे उतर गया था। पुलिस टीम द्वारा समझाने बुझाने का प्रयास किया गया।