गोरखपुर जिले के कोतवाली पुलिस ने पुरानी रंजिश में अल्पसंख्यक समुदाय के पड़ोसी युवक को फंसाने की साजिश का पर्दाफाश किया है। पता चला कि एक हिंदू युवक ने अल्पसंख्यक समुदाय के युवक के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसकी जानकारी संबंधित युवक को हुई तो उसने पुलिस में शिकायत की। जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के चौरहिया गोला में रहने वाले युवक संजय गुप्ता ने अपने पड़ोस में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के युवक के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली। फिर उसने हिंदू देवी-देवाताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करनी शुरू कर दी। देवी-देवताओं की आपत्तिजनक फोटो भी लगाए।
इसकी जानकारी जब अल्पसंख्यक समुदाय के युवक के परिचितों को हुई तो उन्होंने उसे जानकारी दी। इसके बाद युवक ने कोतवाली थाने व साइबर सेल में मामले की शिकायत की। पुलिस ने संबंधित आईडी ब्लॉक कराने के साथ ही सभी पोस्ट डिलीट करा दिए। फेसबुक को ई-मेल कर आईडी इस्तेमाल करने वाले के बारे में जानकारी मांगी।
संबंधित युवक की डिटेल मिलने के बाद शनिवार को कोतवाली पुलिस ने संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल बरामद किया। संजय ने पूछताछ में बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक से उसका मनमुटाव था। उसे जेल भेजवाने के लिए फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट की थी।